Wednesday 13 August 2014

Election agarmalwa bjp congress

झूठ और फरेब से परिपूर्ण प्रदेश की भाजपा सरकार में महिला नौजवान किसान पुलिस व्यापारी व आम जनता असुरक्षित हैं। महिला अत्याचार में प्रदेश अग्रणी है। किसानों की दुहाई देते नहीं थकते, हजारों की संख्या में किसान आत्महत्या को मजबूर हो चुके हैं।

ये बात सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को रात 9.45 बजे विधानसभा के उपचुनाव की सभा में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य ग्रामीण विद्युतीकरण, सामाजिक सुरक्षा आदि विकास कार्य पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की मिशन योजनाओं के तहत हुए हैं। इनका प्रचार-प्रसार अपने नाम से कर वाहवाही लूटी गई। इन मिशन योजनाओं में किया गया भारी भ्रष्टाचार सर्वविदित है। व्यापमं घोटाले ने नौजवानों के अवसरों को सरेआम नीलाम कर दिया है। हम चाहते हैं कि घोटाले की सीबीआई जांच होना चाहिए।

श्री सिंधिया ने कहा कि केंद्र में सरकार बने दो-ढाई माह हुए हैं और पूरे देश में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति है। कांग्रेस हमेशा सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने तथा सकारात्मक सोच के साथ जनसेवा का मार्ग अपनाती रही है। अबकी बार जो मोदी सरकार आई है, उसमें प्याज, टमाटर आदि सहित सभी चीजों के दाम बढ़ गए हैं। कहा जा सकता है कि अबकी बार, मंहगाई की सरकार। अंत में श्री सिंधिया ने कहा कि उपचुनाव में प्रत्याशी राजकुमार गौरे को विधानसभा में भेजकर कांग्रेस के हाथ मजबूत करें। आरंभ में श्री सिंधिया ने उपस्थितों को अपने परिवार का सदस्य बताया। प्रत्याशी श्री गौरे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, सज्जनसिंह वर्मा ने भी संबोधित किया। मंच पर दर्जनभर से अधिक कांग्रेस विधायकगण एवं क्षेत्र व जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी उपस्थित थे। संचालन चुनाव प्रभारी मनोज राजानी ने किया व आभार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण शास्त्री ने माना।

No comments:

Post a Comment