Friday 8 August 2014

Lobbying for state bjppresident fast active contenders

 भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक से पहले प्रदेश अध्यक्ष के दावेदारों ने दिल्ली में लॉबिंग तेज कर दी है। नईदिल्ली में 9 अगस्त को राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, प्रदेश के सभी मंत्री, सांसद और प्रदेश भाजपा पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो 9 अगस्त को छत्तीसगढ़ के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हो जाएगी।

ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि इस बार ओबीसी वर्ग के नेता को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी जा सकती है। प्रदेश अध्यक्ष के दावेदारों में से एक आदिवासी नेत्री लता उसेंडी को महिला आयोग का अध्यक्ष बना दिया गया है। भाजपा की राजनीति के जानकार इसे नए समीकरण के रूप में देख रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सांसद विक्रम उसेंडी और लता उसेंडी की प्रदेश अध्यक्ष के लिए दावेदारी है। संघ और संगठन के करीबी नेता लता उसेंडी को महिला आयोग में अध्यक्ष बना दिया गया। अब विक्रम उसेंडी आदिवासी कोटे से अकेले दावेदार हैं। लोकसभा सत्र शुरू होने के कारण श्री उसेंडी पहले से ही दिल्ली में हैं।


खबर यह आ रही है कि उनके करीबी नेता भी दिल्ली पहुंच गए हैं। इसके साथ ही भाजपा में ओबीसी नेता धरमलाल कौशिक, नारायण चंदेल और मधुसूदन यादव भी दावेदार हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद मधुसूदन यादव दो दिन पहले ही नई दिल्ली से लौटे हैं। मधुसूदन यादव ने बताया कि पूर्व सांसदों को राष्ट्रीय परिषद की बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि मधुसूदन यादव ने राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात की है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के लिए मुख्यमंत्री की पहली पसंद श्री कौशिक हो सकते हैं। इसके अलावा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और प्रेमप्रकाश पांडे के खेमे से पूर्व मंत्री हेमचंद यादव की दावेदारी सामने आ रही है।

हेमचंद यादव भी दिल्ली में आला नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। नारायण चंदेल ने तो राष्ट्रीय नेताओं के समक्ष सक्रिय को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपने की बात रखी थी। इसके अलावा विधायक देवजी पटेल ने भी राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात करके अपना पक्ष रखा है।

1 comment: